महू | महू में राऊ-खलघाट फोरलेन पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करके पिकअप वाहन से जा टकराई। आमने-सामने की इस टक्कर में कार ड्राइव कर रहे महेश्वर निवासी कृष्णपाल सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटियां घायल हो गईं। वहीं, टक्कर के बाद पिकअप में आग लग गई।
हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे बड़गोंदा थाना इलाके में शक्ति कोल्ड स्टोर के सामने हुआ। हादसे का शिकार परिवार महेश्वर में वल्लभ विहार कॉलोनी का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक कृष्णपाल सिंह की लड़की की जर्मनी में जॉब लगी थी। वह उसको छोड़ने इंदौर एयरपोर्ट जा रहे थे। कृष्णपाल सिंह तोमर सरकारी स्कूल मंडलेश्वर में शिक्षक थे। घायलों में पत्नी मिथलेश और बेटियां- शोभना व भावना तोमर शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी। अचानक गाय सामने आ गई, उसे बचाने के चक्कर में कार दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन में आग लग गई।
हादसे के बाद कार में सवार चारों लोग अंदर ही फंसकर रह गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने सभी को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तब तक कार चला रहे शिक्षक की मौत हो चुकी थी। बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि तीनों महिलाओं को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



0 Comments