महू | पातालपानी रिसॉर्ट में एक डॉक्टर को हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने एक युवती के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा। डॉक्टर को पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन नाराज लोगों ने डॉक्टर के क्लीनिक और घर में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने आग लगाने के मामले में केस दर्ज कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने महू रोड पर वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। वे प्रकरण दर्ज करने का विरोध कर रहे थे।
गुर्जरखेड़ा निवासी डॉक्टर सईद खान पर आरोप है कि उसने युवती को नशे का इंजेक्शन दिया और उसके साथ गलत हरकत की। उसने युवती का वीडियो बना लिया था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था। डॉक्टर ने युवती को पातालपानी के रिसॉर्ट में आने के लिए भी दबाव बनाया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवती के साथ डॉक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया। पहले उसकी धुनाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
युवती के परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने डॉक्टर के घर पर धावा बोला और तोड़फोड़ कर आग लगा दी। पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इसके साथ ही उसके घर पर आग लगाने वालों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने महू के किशनगंज रेलवे ब्रिज पर वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। वहां पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी जुट गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जाम खुलवा कर ट्रैफिक बहाल करने की कोशिश करती रही।




0 Comments