खुलेआम नशाखोरी, शिकायत पर मिलती है धमकी, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
तलाश समाचार, इंदौर
इंदौर के मूसाखेड़ी क्षेत्र स्थित आईडिया कॉलोनी इन दिनों नशाखोरी का गढ़ बनती जा रही है। यहां खुलेआम नशा किया जा रहा है और शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है, जो पूरी रात जारी रहता है।
रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी की मल्टियों और दुकानों के सामने नशाखोर खड़े होकर नशा करते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल असुरक्षित हो गया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कोई भी युवक इनके खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर नशाखोरों द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं।
मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब मल्टी के सामने खाली प्लाट में खुलेआम नशाखोरी हो रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, लेकिन युवक वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि नशा करने वाले युवक फिरदोस नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और बाहरी लोगों को बुलाकर कॉलोनी के आसपास नशाखोरी करवाते हैं।
रहवासियों का आरोप है कि वे कई बार इस समस्या की शिकायत कर चुके हैं, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। रातभर नशाखोरों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस प्रशासन कब जागेगा और इस नशे के बढ़ते आतंक पर कब तक लगाम लग पाएगी।




0 Comments