भोपाल में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की एंट्री, युवाओं के मुद्दों पर आंदोलन का ऐलान

 


Bhopal में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने पहली पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रदेश की राजनीति में अपनी औपचारिक मौजूदगी दर्ज कराई। पार्टी पदाधिकारियों ने इस दौरान देश की वर्तमान व्यवस्था, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ आगे की रणनीति पर विस्तार से अपनी बात रखी।

पार्टी सदस्यों ने बताया कि मध्यप्रदेश में जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसकी नियमावली तैयार की जा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक मयंक ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है जिसने करोड़ों युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों ने नई पीढ़ी को निराश किया है, जिसके खिलाफ पार्टी जन आंदोलन खड़ा करेगी।

मयंक ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर पार्टी को तेजी से समर्थन मिल रहा है और इसकी पहुंच लगभग दो करोड़ लोगों तक हो चुकी है, जिनमें सबसे अधिक लोग मध्यप्रदेश से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी सदस्यों की संख्या 25 करोड़ के पार पहुंचाने का लक्ष्य है।

पत्रकार वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी देशभर में युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेगी। साथ ही बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान और आंदोलन शुरू करने की भी घोषणा की गई।

Post a Comment

0 Comments