इंदौर। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को यातायात पुलिस की सतर्कता से एक चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस की व्हील लॉक पार्टी (जोन-3) मधुमिलन चौराहे पर यातायात प्रबंधन एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक बिना नंबर के दोपहिया वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन चालक से दस्तावेज और आरसी कार्ड मांगे गए तो उसने किसी अन्य वाहन का पंजीयन प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस ने वाहन के चेचिस नंबर के आधार पर जांच की तो पता चला कि वाहन चोरी का है। इसके बाद वाहन के वास्तविक स्वामी से संपर्क किया गया। वाहन स्वामी, जो महाराष्ट्र का निवासी है, ने बताया कि उसकी बाइक कुछ समय पहले चोरी हो गई थी और इस संबंध में संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
वाहन चोरी का होना प्रमाणित होने पर यातायात पुलिस ने तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना देकर वाहन एवं चालक को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रकाश किरार, आरक्षक मोनू जाटव, मोहित यादव, शैलेंद्र त्यागी, पूजा कुशवाहा तथा सैनिक सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सतर्कता और सजगता के कारण चोरी का वाहन बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी।




0 Comments