जनसुनवाई में 300 से अधिक आवेदन, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई में 300 से अधिक आवेदन, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार संबंधी मामले प्रमुख रहे।

जनसुनवाई के दौरान प्रतिरक्षक महिला एवं बाल विकास संस्था के कार्यकर्ता मोहित सिंह चौहान ने कलेक्टर शिवम वर्मा को स्केच भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में एयरपोर्ट क्षेत्र स्थित बिजासन माता मंदिर के सामने की झुग्गी बस्ती में रहने वाले बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र बनाकर वितरित किए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिले का कोई भी बच्चा दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।

जनसुनवाई में 300 से अधिक आवेदन, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


वहीं, शासकीय सुभाष स्कूल में कार्यरत रामा दुबे ने मिठाई और पुष्प भेंट कर कलेक्टर का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि पिछली जनसुनवाई में क्रमोन्नति संबंधी समस्या रखने के बाद एक सप्ताह के भीतर उनके पक्ष में आदेश जारी हो गया।

एक अन्य मामले में रंजना इंगोले ने पति स्वर्गीय विजय इंगोले के निधन के बाद आर्थिक संकट और बच्चों की शिक्षा में आ रही परेशानी से अवगत कराया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को परिवार को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई।

Post a Comment

0 Comments