रीवा। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर पर एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। महिला की शिकायत सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में आक्रोश का माहौल है। रविवार को जूनियर डॉक्टरों ने संजय गांधी अस्पताल के ओपीडी परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभागाध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर डॉ. इंदुलकर को 28 नवंबर तक अवकाश पर भेज दिया है।
सीनियर रेजिडेंट ने लगाए गंभीर आरोप
महिला सीनियर रेजिडेंट ने शनिवार शाम अमहिया थाने पहुंचकर डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में लगातार परेशान करने, भद्दे और अमर्यादित कमेंट करने, घर के नीचे पहुंचने तथा गिफ्ट देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। महिला ने कथित घटनाओं से मानसिक रूप से परेशान होने की बात भी कही है।
शिकायत में महिला ने व्यक्तिगत बातचीत के दौरान कपड़ों की साइज पूछने और उनके पहनावे को लेकर टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है। कथित तौर पर चिकित्सक ने पूछा कि उनके कपड़ों की साइज क्या है और एक दिन पहने गए कपड़ों की तारीफ करते हुए दूसरे दिन के पहनावे पर टिप्पणी की। इन आरोपों के सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
ओपीडी के बाहर जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन
महिला की शिकायत सामने आने के बाद जूनियर डॉक्टरों का आक्रोश भड़क उठा। रविवार सुबह संजय गांधी अस्पताल के ओपीडी मुख्य द्वार के बाहर डॉक्टरों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभागाध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने और पूरे मामले की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि जांच में आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कठोर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
डीन ने गठित की चार सदस्यीय जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशिधर गर्ग ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर को 28 नवंबर तक अवकाश पर भेजा गया है।
पुलिस जांच, मेडिकल कॉलेज की आंतरिक जांच और संबंधित तथ्यों के सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटनाक्रम ने मेडिकल कॉलेज में महिला चिकित्सकों की सुरक्षा, कार्यस्थल के वातावरण और संस्थागत जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





0 Comments