कलेक्टर ने मेल आईडी पर आए आवेदन पर लिया संज्ञान
खरगोन। खरगोन के युवा खेलों में अपनी खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं और कामयाब भी हो रहे हेै। यहां के खिलाड़ी रुचि लेकर न सिर्फ खेलोें में भाग ले रहे हैं बल्कि आगे की स्टडी के लिए भी प्रेरित हो रहे हैं। नगर की शिल्पा सोनी राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी है। जो पिछले वर्षाें से राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय इम्फाल में अध्ययन कर रही है। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह समय पर फीस भर पाए।
लास्ट सेमेस्टर की फीस भरने के लिए शिल्पा ने 16 जनवरी को कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर मदद के लिए मेल किया। मात्र 20 मिनट में शिल्पा को प्रतिक्रिया मिली और कार्यालय बुलाया गया। कलेक्टर ने शिल्पा के लास्ट सेमेस्टर की 35 हजार रुपए फीस भर दी। शिल्पा बताती है कि यह सिर्फ फीस भरने की बात नहीं है। इतने कम समय में रिस्पॉन्स मिलना बड़ी बात है। वह तो मेल करने में संकोच कर रही थी, लेकिन कोच वाजिद खान के कहने पर हिम्मत जुटाई। एक खिलाड़ी को ऐसे थोड़े से सहयोग मिलना उन्हें प्रेरित करता है।



0 Comments