बाणगंगा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
चना, मूंगफली, परमल एवं मटर की प्रोसेसिंग इकाइयों पर कार्रवाई
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने निधि वर्मा, एसडीएम मल्हारगंज, रूचि जाट, डिप्टी कलेक्टर, सपना शर्मा, तहसीलदार, अजय अहिरवाल, तहसीलदार एवं सहदेव मौर्य, तहसीलदार के साथ संयुक्त रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई।
विशाल नगर, बाणगंगा स्थित मेसर्स न्यू एनके चना परमल का निरीक्षण किया गया। परिसर में चना, पीनट, परमल आदि खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं प्रोसेसिंग किया जाना पाया गया। मौके पर प्रोपराइटर मुकेश कुमार जायसवाल मिले। परिसर में सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। चना के 2, पीनट एवं दाना के 2 तथा तले हुए मटर का 1, इस प्रकार 5 नमूने लिए गए। 1,950 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख है को आगामी जांच एवं कार्रवाई तक जब्त किया गया। खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार सूचना पत्र जारी किया जाएगा।
शिवम ट्रेडर्स से नमूने लिए
शिवम ट्रेडर्स, बाणगंगा से पीनट, मूंगफली के 4 नमूने लिए गए, जिनमें 2 पैक एवं 2 लूज नमूने शामिल हैं। मौके से 280 किलो मूंगफली, जिसकी अनुमानित कीमत 36,400 है को जब्त किया गया। वहीं 172, बाणगंगा मेन रोड, इंदौर स्थित अमरनाथ चना परमल भंडार से खाद्य पदार्थ मूंगफली, चना एवं मटर के 4 नमूने लिए गए। मौके से 1,377 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 83,626 रुपए है जब्त किया गया।
राजकुमार जायसवाल पर कार्रवाई
फर्म राजकुमार जायसवाल, बाणगंगा से मूंगफली दाना एवं धनिया पाउडर के 2 नमूने लिए गए। 300 किलो मूंगफली दाना एवं 150 किलो धनिया पाउडर, कुल 450 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए है, जब्त की गई। प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन अथवा खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। तत्काल प्रकरण तैयार किया गया तथा परिसर में संचालित खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं प्रोसेसिंग कार्य स्थगित कराया गया।
सतगुरु बेकर्स पर नहीं मिला वैध खाद्य पंजीयन
A-319, जीवनदीप कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी स्थित सतगुरु बेकर्स का निरीक्षण किया गया। प्रभारी राजकुमार पिता लखन साहा मिले। वैध खाद्य पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में केक का निर्माण किया जाना पाया गया। केक का नमूना लिया गया।
मस्का एवं पनीर के 2 नमूने लिए
चाय ठिकाना, 9/3 मनोरमा गंज, गीता भवन, का निरीक्षण किया गया। प्रोपराइटर पुष्पेंद्र सिंह चौहान मिले। प्रतिष्ठान से बन मस्का एवं पनीर के 2 नमूने लिए गए। यादव श्री रेस्टोरेंट, राजा बाग, कुशवाहा नगर से गुलाब जामुन एवं मोतीचूर लड्डू के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं उसके अधीन बनाए गए नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण, बिना वैध पंजीयन लाइसेंस संचालित खाद्य कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान जारी रहेगा।




0 Comments