- कोहरे के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति पर थिरके मन
- उत्कृष्ठ कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
- मप्र शासन और जिला प्रशासन ने बांटी विकास गाथा बताती पुस्तिकाएं
खरगोन। 74वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह प्राकृतिक सौंदर्य कोहरे के बीच डीआरपी लाइन मैदान पर हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने झंडावंदन किया। परेड की सलामी ली। पश्चात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। इसके बाद हवा में गुब्बारे छोड़े गए तथा जिला पुलिस बल की सशस्त्र टुकड़ी द्वारा तीन राउंड में हर्ष फायर कर जयघोष किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात पुरस्कार वितरण किया गया। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, पूर्व नपा अध्यक्ष विपिन गौर, राजेन्द्र राठौर, कल्याण अग्रवाल, रंजीत डंडीर, प्रकाशरत्न पारखी, डीआईजी तिलक सिंह पंवार, एसपी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, अपर कलेक्टर केके मालवीया, एएसपी मनीष खत्री सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मस्कट आशा का अभिनंदन
इस गणतंत्र दिवस पर जिले में खेलो इंडिया का अलग ही उत्साह न सिर्फ विद्यार्थियों में बल्कि मुख्य अतिथि से लेकर, विशेष अतिथि जनप्रतिनिधियों अधिकारियों पत्रकारों गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों में नजर आया। समारोह में झांकियों के पीछे जैसे ही खेलो इंडिया का मस्कट आशा उपस्थित हुआ सबके चेहरों पर हिंदुस्तान का दिल धड़कता दो सी चमक उतर आई। समारोह में पूरे समय मस्कट आशा मैदान के हर हिस्से में मौजूद नागरिकों के साथ हाथ मिलाए, फ़ोटो खिंचवाई और खेलो इंडिया की मेजबानी के लिए तैयार होने का भरोसा दिया। मस्कट आशा नागरिकों के बीच पहुंचकर खेलो इंडिया की मेजबानी का संदेश दिया।
पहली बार दिव्यांजनों ने प्रस्तुत किया योगा
समारोह में पहली बार आस्था ग्राम ट्रस्ट के दृष्टि व श्रवण बाधित विद्यार्थियों ने योग की कमाल की प्रस्तुति देकर सब को हैरत में डाल दिया। उन्होंने योग के सभी आसन करके दिखाए उन्हें विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से देश सांस्कृतिक धरोहर के विभिन्न रंग और विश्व मे भारत की उपलब्धि पर फिल्माए गानों की सुंदर प्रस्तुतियां विभिन्न स्कूलों द्वारा दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में तृतीय सेंट ज्युद हायर सेकेंडरी स्कूल, द्वितीय कन्या शिक्षा परिसर खरगोन और प्रथम स्थान द क्रिएटिव पब्लिक स्कूल ने प्राप्त किया। उन्हें मुख्य अतिथि कुमार पुरुषोत्तम, एसपी धर्मवीर सिंह ने प्रमाण पत्र व ट्रॉफी प्रदान की।
पहली बार महिला पुलिस बल ने मार्च पास्ट किया
जिला पुलिस बल के अलावा एनसीसी, स्काउट गाइड, पुलिस, सशस्त्र बल ने मार्च पास्ट किया। यहां पहली बार जिला पुलिस बल की महिला वर्ग ने मार्च पास्ट किया। इसका नेतृत्व प्रियंका जमरे ने किया। जबकि परेड कमांडर रेखा रावत ने मार्च पास्ट का नेतृत्व किया। जूनियर वर्ग में स्काउट गाइड तृतीय, जूनियर एनसीसी (बालक) और प्रथम स्थान एनसीसी बालिका वर्ग ने पाया। सीनियर बर्ग में जिला पुलिस बल (डीएफ) को तृतीय, सीनियर एनसीसी द्वितीय और जिला महिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
झांकियों के माध्यम से योजना के कार्य और विकास बताए
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास को प्रदर्शित करती झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें जनजतीय कार्य विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर, जिला पंचायत की द्वितीय और प्रथम स्थान पर कृषि व उद्यानिकी विभाग की झांकी रही। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। सबसे पहले प्रातः 7.30 बजे कलेक्टर ने कलेक्टर निवास पर झंडावंदन किया। इसके बाद कलेक्टर ने सुबह 8 बजे कलेक्टर कार्यालय पर झंडावंदन किया।





0 Comments