खेलो इंडिया-2022 : मानसी व प्रद्युम्न ने बढ़ाया प्रदेश का मान

खेलो इंडिया-2022 : मानसी व प्रद्युम्न ने बढ़ाया प्रदेश का मान


खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदान किए मेडल

खरगोन। खेलो इंडिया-2022 के अंतर्गत महेश्वर स्थित नर्मदा नदी की सहस्त्रधारा में चल रही कैनो और कयाक स्लेलम इवेंट में मप्र के खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते हैं। महिला वर्ग की सी-1 इवेंट में भोपाल की मानसी बाथम ने नर्मदा नदी की प्राकृतिक जलधाराओं को चीरते हुए गोल्ड पाया।  पुरुष वर्ग में प्रद्युम्न सिंह राठौर ने कयाक स्लेलम में गोल्ड मेडल जीता है। 

प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने मेडल सेरेमनी में विजेता मप्र की मानसी बाथम को गोल्ड मेडल, हरियाणा की प्रीति पाल को रजत और कर्नाटक की धृति मारिया को कांस्य पदक प्रदान किए। पहले दिन हुई पुरुष वर्ग की कयाक स्लेलम प्रतियोगिता में इंदौर के प्रद्युम्न ने गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। जबकि मेघालय के प्योंगसेग कुरबाह ने रजत और गुजरात के अनक चौहान ने कांस्य पदक जीता। 

पुरुष वर्ग के विजेताओं को पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने मेडल्स प्रदान किये। इस दौरान होलकर वंश के रिचर्ड होलकर ने भी खेलों इंडिया-2022 का प्रतीकात्मक मस्कट आशा प्रदान किये। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा, एसपी धर्मवीर सिंह, एसडीएम अग्रिम कुमार, नेशनल फेडरेशन व कैनोइंग व कयाकिंग के प्रेसिडेंट प्रशांत कुशवाह, खेल अधिकारी पवि दुबे, प्रतियोगिता मैनेजर बिलकिस मीर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा

खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रतियोगिता के बाद कैनो स्लेलम के ट्रेक पर पहुंचकर तकनीकी पहलुओं के बारे में जाना। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मप्र शासन द्वारा वर्ष 2006-07 से प्रयास किये गए थे। इन प्रयासों के कारण आज यहां खेलो इंडिया सम्भव हो पाया है। खेल मंत्री सिंधिया ने कैनो ट्रेक का अवलोकन करते हुए नेशनल फेडरेशन के प्रेसिडेंट कुशवाह को निर्देश दिए कि इस ट्रैक पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आमंत्रित कर प्रतियोगिता आयोजित करें। यहां पहुंचने के लिए मार्ग बनाने के संबंध में कलेक्टर वर्मा को निर्देश दिए। प्राकृतिक ट्रेक पर ही बोट पार्किंग के लिए एक हॉल विकसित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे खिलाड़ियों को महेश्वर से बोट लेकर न आना पड़े और पत्थरों से न गुजरना पड़े।

मानसी का मुंह मीठा कराया

कलेक्टर वर्मा और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने खेलो इंडिया-2022 में पहली बार आयोजित हो रही कैनो स्लेलॅम प्रतियोगिता का फीता कांटकर और गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ किया। गोल्ड मेडल जीतने के बाद विजेताओं के नाम अनाउंसमेंट होने के पश्चात कलेक्टर वर्मा और एसपी सिंह ने मानसी बाथम को मप्र का नाम रोशन करने के लिए महेश्वर की मिठाई से मुंह मीठा कराया। गोल्ड मेडल जीतने के बाद कलेक्टर वर्मा ने परिवार और शहर की जानकारी लेकर बधाई दी। सहस्त्रधारा में पहली बार नर्मदा तट पर मेडल्स सेरेमनी के बाद राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान नर्मदा तट पर खिलाड़ी, अधिकारी और विजेताओं के परिजनों का सर गर्व से ऊंचा हुआ। जैसे ही राष्ट्रगान की धुन शुरू हुई सभी के दिल से राष्ट्रगान के स्वर उभरने लगे।

Post a Comment

0 Comments