सतना | मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले
विधानसभा चुनाव से पहले अभी रैलियों का दौर चल रहा है। बीजेपी, कांग्रेस के अलावा आम
आदमी पार्टी भी इस चुनाव में ताल ठोक रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद
केजरीवाल ने एमपी के लोगों से मुफ्त बिजली, मुफ्त चिकित्सीय सुविधा के अलावा बेहतरीन
स्कूल बनाने का वादा किया है। इसके अलावा आप ने राज्य में बेरोजगार युवकों को हर महीने
3,000 रुपये देने का भी लोकलुभावन वादा किया है। आम आदमी पार्टी की एक रैली को संबोधित
करते हुए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
पर भी निशाना साधा है। केजरीवाल ने यहां लोगों से अपील की है कि जिसने अपने भांजे-भांजियों
के साथ धोखा किया उस 'मामा' पर विश्वास नहीं करना।
दरअसल मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज
सिंह चौहान को मामा भी कहा जाता है। अरविंद केजरीवाल ने यहां कहा, 'मैंने सुना है कि
यहां एक मामा हैं। अब उनपर विश्वास नहीं करिये। मैं कह रहा हूं कि अब आपका बेटा, भाई
और चाचा आ गया है। अब चाचा पर विश्वास करिये।' अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने समाज के
सभी वर्गों को लुभाने की कोशिश की और आरोप लगाया कि राजनीतिक पार्टियां अपने मेनिफेस्टो
का ऐलान करते हैं और फिर बाद में उसे भूल जाते हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि राजनीतिक
पार्टियां मेनिफेस्टो डॉक्यूमेंट को पढ़ती तक नहीं लेकिन केजरीवाल की सभी गारंटियां
पूरी होंगी।
केजरीवाल ने बताया कि आप लोगों ने मध्य प्रदेश
में बीजेपी और कांग्रेस को काफी मौके दिये। पंजाब औऱ दिल्ली में हमारी सरकार को देखें।
हम सभी गारंटियां पूरी करेंगे। यह केजरीवाल की गारंटी है। केजरीवाल ने कहा कि अगर मध्य
प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो आप सरकार गुणवत्ता वाली स्कूल बनाएगी। केजरीवाल ने कहा
कि बेहतर चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराई जाएगी। मुफ्त इलाज का भी केजरीवाल ने वादा किया
है। अस्पतालों में 20 लाख रुपये तक टेस्ट और सर्जरी की सुविधा मुफ्त में दी जाएगी।
केजरीवाल ने इसके साथ ही यह भी ऐलान किया है कि राज्य में बेरोजगारों को 3,000 रुपया
प्रति महीना भत्ते के तौर पर दिया जाएगा।



0 Comments