भोपाल | भारत को गौरवान्वित करने वाले पल का
इंतजार आज पूरा देश कर रहा है। हर किसी को शाम का इंतजार है। कब 6 बजेंगे और कब हमारा
चंद्रयान 3 चंद्रमा पर सफल लैंडिंग करेगा। इस सफल लैंडिंग के गवाह मप्र के स्कूल स्टूडेंट्स
भी बनेंगे। दरअसल स्कूलों में चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
इसके लिए बाकायदा स्कूलों में शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे तक विशेष आयोजन के
निर्देश जारी किए गए हैं। यही नहीं स्टूडेंट्स को भी निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें
इस लाइव प्रसारण के लिए स्कूल में उपस्थित होना अनिवार्य है।
आपको बता दें कि लोक शिक्षण संचालनालय संचालक
केके द्विवेदी ने मंगलवार को ही इस संदर्भ के निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों में
कहा गया है कि भारत के चंद्रयान-3 मिशन अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज में एक मील का पत्थर
है। यह मिशन भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग के साथ ब्रांड इंडिया
के लिए भी एक बड़ा कदम है।
स्टूडेंट्स में बढ़ेगी जिज्ञासा
भारत के चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग
एक यादगार अवसर है जो, विद्यार्थियों के मन में अंतरिक्ष विज्ञान अन्वेषण के लिए जिज्ञासा
को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना
उत्पन्न होगी। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस अवसर पर साक्षी बनेंगे। इस
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5 बजकर 27 मिनट से शुरू होगा। सभी जिला शिक्षा
अधिकारियों (DEO) को निर्देशित किया जाता है कि शाम 5.27 से 6.30 तक की विशेष सभा आयोजित
की जाए और Live Telecast की व्यवस्था कर शिक्षकों और विद्यार्थियों को शामिल करने के
लिए अपने जिले के स्कूलों के सभी प्राचार्यों को निर्देशित करें, जो विद्यार्थी 23
अगस्त को लाइव प्रसारण नही देख पाएंगे, ऐसे विद्यार्थियों के लिए 24 अगस्त को इस कार्यक्रम
की रिकॉर्डिंग दिखाने की व्यवस्था करें।


0 Comments