12 साल से अपनी जमीन पर नहीं हारी टीम इंडिया, जीती 17वीं सीरीज


रांची | टीम इंडिया ने चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त ले ली है। यानी एक मैच बाकी रहते सीरीज पर कब्जा कर लिया। यह घरेलू मैदानों पर भारत की पिछले 12 साल में लगातार 17वीं सीरीज जीत है। घर में लगातार सबसे ज्यादा सीरीज जीतने का रिकॉर्ड पहले से भारतीय टीम के नाम है। आॅस्ट्रेलिया अपने घर में लगातार 10 सीरीज जीतकर दूसरे नंबर पर है।

भारत को आखिरी बार होम कंडीशन्स में किसी टेस्ट सीरीज में हार का सामना 2012 में करना पड़ा था। तब इंग्लैंड ने भारत को भारत में 2-1 से हराया था। उसके बाद से टीम इंडिया अपने घर में कोई भी सीरीज नहीं हारी है और लगातार 17 बार प्रतिद्वंद्वी टीम को ढेर किया है।

2012 के बाद भारत ने इंग्लैंड को 2016-17 में 3-0 से, 2020-21 में 3-1 से हराया था और अब इस सीरीज में 3-1 की बढ़त ले ली है। आॅस्ट्रेलिया को भी अपने घर में लगातार तीन बार मात दी है। वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ लगातार 2-2 सीरीज में जीत मिली हैं। 1 सीरीज जीत अफगानिस्तान के खिलाफ मिली है।

रांची में मिली जीत भारत की इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 135 टेस्ट मैचों में 34वीं जीत है। टेस्ट फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार इंग्लैंड को ही हराया। वहीं, सबसे ज्यादा 51 टेस्ट मैचों में हार भी मिली। 50 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। इंग्लैंड के बाद भारत ने आॅस्ट्रेलिया को सबसे ज्यादा 32 बार हराया है।

पिछले 12 साल में टीम इंडिया का विदेश में भी प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने घर से बाहर सबसे ज्यादा सीरीज जीती हैं। भारतीय टीम ने 1 जनवरी 2013 के बाद से घर से बाहर 19 सीरीज खेली हैं, इनमें 8 में जीत हासिल की है, जबकि 8 में टीम को पराजय का सामना करना पड़ा है। 3 सीरीज ड्रॉ रही हैं। घर से बाहर सबसे ज्यादा सीरीज जीतने वाली टीमों की सूची में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है। टीम ने 21 में से 7 सीरीज जीती हैं।

Post a Comment

0 Comments