नई दिल्ली | इंडिया वर्सेस इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच सात मार्च से धर्मशाला के मैदान पर खेला जाएगा। भारत सीरीज में 3-1 की बढ़त हासिल कर चुका है। साल 2022 में बेन स्टोक्स के कप्तान और ब्रेंडन मैक्कलम के हेड कोच बनने के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम ने पहली बार सीरीज गंवाई है। स्टोक्स और मैक्कलम के कार्यकाल में प्रदर्शन में गिरावट के बावजूद खिलाड़ियों को काफी सपोर्ट किया जा रहा है। इंग्लैंड टीम की इस आदत से पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मन खट्टा हो चुका है।
पिछले 18 महीनों में इंग्लैंड टीम से सिर्फ एक खिलाड़ी को ड्रॉप किया गया है, जिसका नाम एलेक्स लीज है। उनकी जगह शीर्ष क्रम में बेन डकेट को शामिल किया गया। वहीं, इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में अपनी बल्लेबाजी यूनिट में ज्यादा बदलाव नहीं किए और जरूरत के अनुसार अपने गेंदबाजों को रोटेट किया। जॉनी बेयरस्टो, बेन फॉक्स और जैक क्रॉली जैसे कई बल्लेबाज अपनी बल्लेबाजी से प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं लेकिन लेकिन सीरीज में उन्हें लगातार मौके दिए गए।
वॉन ने द टेलीग्राफ के लिए लिखे कॉलम में कहा कि मुझे हैरानी है कि इंग्लैंड के इस सेटअप में कुछ ज्यादा ही समर्थन मिल रहा है। जब से बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैक्कलम ने जिम्मेदारी संभाली है, तब से सिर्फ एक बल्लेबाज को बाहर किया गया है। उस तरह ड्रॉप करना आप कभी नहीं देखेंगे। एलेक्स को पिछले मैनेजमेंट में ब्रेक दिया गया था लेकिन उनकी नजर हमेशा जैक क्रॉली के साथ ओपनिंग करने के लिए बेन डकेट पर थी। इसलिए वे पहले समर के खत्म होते ही लीज से आगे बढ़ गए।


0 Comments