दिल्ली में कांग्रेस शून्य पर, बीजेपी ने वीडियो पोस्ट कर दिया नारा... हारो, नाचो, भूल जाओ

 

Congress at zero in Delhi, BJP posted a video and raised the slogan... Lose, dance, forget

 एक वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता हार का भी जश्न मना रहे 

नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है और ताजा रुझानों से पता चलता है कि कांग्रेस लगातार तीसरी बार खाता खोलने में नाकामयाब  रही है। रुझानों के अनुसार, पार्टी बादली सीट से मतगणना के शुरुआती दौर में आगे चल रही थी। हालांकि अब सभी निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे चल रही है। कांग्रेस ने 2013 तक 15 वर्षों तक दिल्ली पर शासन किया। कांग्रेस ने चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ पहले कई रैलियां आयोजित करके दिल्ली राजनीति में अपना पैर जमाने की पूरी कोशिश की थी।

अब कांग्रेस के दिल्ली चुनाव में प्रदर्शन को लेकर वीडियो भी वायरल हो रहा है। बीजेपी की नेता राधिका खेड़ा ने एक पोस्ट किया है। वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता नाचते दिख रहे हैं। वीडियो को शेयर कर बीजेपी नेता ने लिखा कि दिल्ली में 4.26 प्रतिशत वोट वाली कांग्रेस का ‘भांगड़ा’ देख कर लगा, जैसे सियासी दफ्तर नहीं, ‘पागलखाने का वार्ड’ खुल गया हो! जिनकी राजनीति को जनता ने बार-बार नकारा, वे अब अपनी हार पर ही जश्न मनाने में मस्त हैं! कांग्रेस का नया नारा है- हारो, नाचो, भूल जाओ।

आखिरी बार कांग्रेस ने दिल्ली में अपना खाता 2013 के विधानसभा चुनाव में खोला था जब कांग्रेस ने आठ सीटें जीती थीं। पार्टी ने 24.55 फीसदी वोट शेयर हासिल किया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को 33.07 फीसदी और आम आदमी पार्टी (आप) को 29.49 फीसदी वोट शेयर मिला था। 2013 में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा को 31 सीटें मिलीं, जो 70 सदस्यीय सदन में आवश्यक बहुमत से पांच सीटें कम थीं।

 

 

Post a Comment

0 Comments