आगर मालवा।
ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की सेना ने साहस, शौर्य, पराक्रम और वीरता से दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। भारत की बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने साहस और पराक्रम का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमारे देश की ताकत के आगे कोई ताकत टिक नहीं सकती है। भारत की नारीशक्ति पर भी देश को गर्व है। यह बात विधायक मधु गहलोत ने शनिवार को आगर में वीरता की अप्रतिम गाथा रचने वाले भारत के वीर जवानों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कही।
तिरंगा यात्रा छावनी झंडा चौक से प्रारंभ होकर विजय स्तंभ पर सम्पन्न हुई। बैंड-बाजे से अगवानी एवं देशभक्ति गीतों की धुन पर यात्रा ने नगर का भ्रमण किया। यात्रा से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया और देशभक्ति के रंग में रंग गया। पूरा आसमान भारत माता की जय और वंदे-मातरम् के उदघोष से गुंजायमान रहा। यात्रा में बच्चों से लेकर वृद्धों तक हर आयु वर्ग के लोगों ने तिरंगा झंडा लेकर भागीदारी की। हर धर्म, हर जाति और हर वर्ग के लोग राष्ट्रप्रेम की झलक बिखेरते हुए सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया। विजय स्तम्भ पर श्रद्धांजलि देकर शहीद वीर जवानों के शौर्य को नमन किया।
सेना पर भारत की जनता को गर्व है
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी सेना के पराक्रम तथा ताकत को विश्व ने देखा है, सेना पर भारत की जनता को गर्व है। हमें देशभक्ति की भावना एवं भाईचारे के साथ रहकर देशहित में सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने भारतीय सेना के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन किया। तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, गोपाल परमार, लालजीराम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम किरण बरबड़े, सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन के प्रतिनिधि, शासकीय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, स्कूली छात्र-छात्राएं व नागरिकों की भागीदारी रही। संचालन कैलाश कुंभकार ने किया।
0 Comments