पोस्टमास्टर जनरल अग्रवाल, कुलगुरु डॉ. सिंघई ने किया शुभारंभ
इंदौर। भारतीय डाक विभाग ने आमजन और विशेषकर युवा वर्ग को आधुनिक एवं सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल की है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर, खंडवा रोड स्थित उप डाकघर को नवीनीकृत कर 'नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस' के रूप में विकसित किया गया है।
इस आधुनिक डाकघर का उद्घाटन सोमवार शाम 5 बजे इंदौर क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीती अग्रवाल, मुख्य अतिथि देवी अहिल्या विवि के कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई, मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की पूर्व संयुक्त सचिव सिध्दयानी पाटनी ने किया। इंदौर नगर संभाग के प्रवर अधीक्षक शिवांसु कुमार ने बताया कि 'नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस' की अवधारणा देश की युवा पीड़ी, जो देश के भविष्य के निर्माता है, को डाक सेवाओं से जोड़ने पर आधारित है। इस जेन ज़ पोस्ट ऑफिस को युवाओं की पसंद और जरूरतों के अनुसार एक कैफेटेरिया के जैसे आकर्षक लुक दिया गया है।
यहां डिजिटल सेवाओं के साथ ऐसे नवाचारों को शामिल किया गया है जो कॉलेज के विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी को डाक सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इस डाकघर में पानी एवं चाय-कॉफी डिस्पेंसर, कई तरह के गेम्स जैसे लूडो, स्लिंगो, शतरंज आदि खेलने की सुविधा के साथ विभिन्न किताबें, पत्रिकाएं, हिंदी एवं अंग्रेजी के न्यूज़ पेपर भी उपलब्ध है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के टी-20 विश्वकप 2026 का विजेता बनने पर इस क्षण को यादगार बनाने के लिए विशेष आवरण का अनावरण किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के खाताधारकों को पासबुक का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रज्जवल खरे, सहायक कुलसचिव विष्णु नारायण मिश्रा के साथ डाक विभाग के अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन उर्मिला सैनी ने किया। आभार रीता गर्ग उप अधीक्षक डाकघर इंदौर नगर संभाग ने माना।





0 Comments