JUMP प्रतिनिधिमंडल ने उठाया मुद्दा, नए बजट के आवंटन के बाद होगा फैसला
तलाश एसमाचार, इंदौर|
जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP), जो नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (NUJI) से संबद्ध है, के प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर संभाग अध्यक्ष श्री चंपालाल गुर्जर के नेतृत्व में जनसंपर्क आयुक्त श्री मनीष सिंह से मुलाकात कर लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों के लिए नियमित शासकीय विज्ञापन जारी करने की मांग जोरदार तरीके से रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई थी कि साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों को साल में 6 विज्ञापन नियमित रूप से दिया जाएगा। हालांकि, वर्तमान में यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पा रही है, जिससे छोटे और क्षेत्रीय समाचार पत्र आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
पत्रकारों ने कहा कि नियमित विज्ञापन व्यवस्था लागू होने से न केवल छोटे अखबारों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि जमीनी स्तर की पत्रकारिता को भी मजबूती मिलेगी। इस मांग पर आयुक्त श्री मनीष सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि बजट के आवंटन पश्चात इस पर फैसला होगा और यथासंभव इसे लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक डॉ आरआर पटेल जी एवं श्री अशोक मनवानी से भी मुलाकात कर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में अशोक बड़गुर्जर, नंदकुमार चौहान, लक्ष्मीनारायण पटेरिया, बापू सिंह बघेल, मनोज सालुंके, अशोक सोलंकी, राजू दास, भूपेंद्र दंडोतिया और नैवेद्य पुरोहित सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
JUMP ने विश्वास जताया है कि सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय लेकर छोटे समाचार पत्रों को राहत देगी और क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई मजबूती प्रदान करेगी।






0 Comments