जीवन है चलने का नाम – एक शाम घुटनों के नाम


विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

 आगर मालवा । विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, शाखा आगर मालवा द्वारा “जीवन है चलने का नाम – एक शाम घुटनों के नाम” विषय पर सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को घुटनों से संबंधित समस्याओं, उनके समय पर उपचार एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत परिषद के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। डॉ. निवेदित शर्मा एवं श्रीमती सुधा मेठी ने वंदे मातरम की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभावना से ओतप्रोत कर दिया।



मुख्य वक्ता के रूप में इंदौर के सुप्रसिद्ध घुटना प्रत्यारोपण विशेषज्ञ एवं अस्थि रोग शल्य चिकित्सक डॉ. हेमंत मंडोवरा ने घुटनों में होने वाली विभिन्न बीमारियों, विशेष रूप से गठिया, के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, समय पर उपचार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर घुटनों की समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने उपस्थित जनों को कुछ उपयोगी व्यायामों का प्रदर्शन कर उनके महत्व को भी समझाया। साथ ही यह भी कहा कि घुटनों के दर्द को नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर समस्या का कारण बन सकता है, अतः प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर ही विशेषज्ञ से परामर्श लेना आवश्यक है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय जामलिया ने कहा कि यदि जीवनभर सक्रिय और स्वावलंबी रहना है, तो घुटनों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। समय पर उपचार से गठिया जैसे गंभीर रोगों से बचाव संभव है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद के अध्यक्ष डॉ. विवेक मालानी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था विगत 26 वर्षों से आगर में विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का निरंतर संचालन कर रही है। उन्होंने आमजन से परिषद के सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने अपने प्रश्नों के माध्यम से विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव डॉ. चंचल शर्मा द्वारा किया गया तथा अंत में महेश माहेश्वरी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं स्वल्पाहार के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments