आईडीए के सुपरवाइजर का कारनामा: आईडीए के खाली फ्लेट्स को चढ़ा दिया किराए पर

 


आजाद नगर पुलिस और आईडीए के अफसरों ने खाली कराए फ्लैट

इंदौर। एक तरफ सस्ते आवास गरीबों को दिलाने के लिए आईडीए ने स्कीम नं. 94 (मूसाखेड़ी क्षेत्र) में मल्टी बना रखी है। करीब 13 साल पहले इसे लोगों को आवंटित कर दिया था, लेकिन कुछ फ्लैट्स खाली थे। रहवासियों का आरोप है कि इन खाली फ्लैट्स पर गिद्ध नजर पड़ी सुपरवाइजर दिलीप बाबा की, जिसने यहां अनैतिक गतिविधियों का भी संचालन शुरू कर दिया और बाहर से असामाजिक तत्व यहां आने लगे और आईडीए की मल्टी में गंदगी फैलने लगी, जिसकी शिकायत रहवासियों ने कई बार थाने से लेकर आईडीए तक की, लेकिन कई सालों से कार्रवाई नहीं हो रही थी। और ये भ्रष्ट सुपर वाइजर आईडीए के खाली फ्लैट्स का किराया अपनी जेब में भर रहा था। अब शिकायत पर कार्रवाई हुई है और आईडीए के अफसर शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और जिन लोगों को ये फ्लैट्स किराए पर चढ़ा दिए थे, उन्हें खाली कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि इंदौर विकास प्राधिकरण की ऐसी कई मल्टियां शहर में बनी है और रिकॉर्ड में फ्लैट्स तो खाली हैं, लेकिन कई कथित कर्मचारियों ने इन खाली फ्लैट्स को किराए पर चढ़ाकर अपनी जेबें भरना शुरू कर दी है। बड़े स्तर पर आईडीए के आला अफसरों को जांच करना चाहिए, ताकि ऐसे बेईमान अफसरों पर कार्रवाई हो और आईडीए की संपत्ति का दुरुपयोग ना हो।

Post a Comment

0 Comments