इंदौर-महू। भीम जन्मभूमि स्मारक को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त करने के आव्हान के साथ संविधान निर्माता बोधिसत्व डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की 135वी जयंती पर सामाजिक एकजुटता के संकल्प के लिए पहली बार 12 अप्रैल को शाम 5.30 बजे बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक झाकियों और बैंडबाजे के साथ भीम ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा संविधान समर्थक समाज जोड़ो अभियान का हिस्सा है। यात्रा में हजारों महिला-पुरुष और बच्चे शामिल होंगे। यह जानकारी आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के इंदौर जिला इकाई के अध्यक्ष शुभम रायपुरे, महामंत्री संतोष कपकाड़ तथा कोषाध्यक्ष सुनील बी. प्रधान ने दी।
उन्होंने बताया कि बाबा की जयंती के उपलक्ष्य में इंदौर और महू में भव्य आयोजनों किए जा रहे हैं। इसमें इंदौर के राजवाड़ा चौक पर होने वाली भव्य भीम-ज्योति क्रांति यात्रा और महू में मध्यरात्रि को समता सैनिक दल द्वारा मानवंदना और सलामी होगी। उन्होंने बताया कि 12-13 अप्रैल को बुद्ध विहार, पंचशील नगर में युवाओं को अनुशासित बनाने हेतु समता सैनिक दल द्वारा प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। 13 अप्रैल को बाईक रैली भीमनगर, इंदौर से रात्रि 8.30 बजे प्रारंभ होकर महू पहुंचेगी और महू के हरिफाटक से समता सैनिक दल के साथ रैली निकाली जाएगी। 13 अप्रैल की मध्य रात्रि को 11.55 बजे, समता सैनिक दल अपनी निर्धारित यूनिफॉर्म में भीम जन्मभूमि पर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जी को गार्ड ऑफ ऑनर और मान वंदना अर्पित करेगा।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के मुख्य अतिथि डॉ बाबा साहेब के प्रपौत्र, भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. भीमराव यशवंतराव अंबेडकर होंगे। साथ ही एड. एस.के. भंडारे, जगदीश गवई, वी.एच. गायकवाड गुरु जी, डॉ. चरणदास डेंगरे और डॉ. उत्तम राव प्रधान, आर.सी. बौद्ध, गौतम पाटिल, शांताराम वाघ, साधना ताई गवले आदि शामिल होंगे।
महासभा के पदाधिकारियों ने भीम जन्मभूमि के सामने डोम एवं मंच लगाने तथा वीआईपी कल्चर को लेकर भी अपनी आपत्ति व्यक्त की। एक ही रास्ता होने और प्रशासन द्वारा उसे भी सकरा कर देने से आमजन को दर्शन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं और इससे हादसा होने की संभावना रहती है।
स्मापरक पर प्रशासक नियुक्त करने की मांग
आयोजकों ने बताया कि इसके साथ ही भीम जन्मभूमि के सम्मान में भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा भीम जन्मभूमि पर गत 2024 से जारी विवाद की मुख्य जड़ आर्थिक अनियमितताओं के साथ फर्जी सदस्यता के मुद्दे के विरुद्ध जनजागरण भी किया जाएगा। महासभा ने भंते प्रज्ञाशील के हवाले से जिला प्रशासन इंदौर से मांग की है कि अंबेडकर अनुयायियों की आस्था के केंद्र पर धनराशि की अवैध वसूली, गंभीर वित्तीय अनियमितताओं, निर्माण में भ्रष्टाचार, स्मारक पर कब्जे के लिए भाई-भतीजों. रिश्तेदारों को बांटी गई अवैध मदस्यता के मामले में संगीन मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर कथित आरोपी पक्ष को आयोजन से दूर रखते हुए, धारा 32 की जांच के संदर्भ में माननीय हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेश के परिपालन में चल रही सुनवाई के अंतिम निर्णय आने तक स्मारक पर प्रशासक की नियुक्ति की मांग की है।
हाईकोर्ट इंदौर खंडपीठ के आदेश पर पंजीयक फर्म्स एवं सोसायटीज भोपाल के समक्ष चल रही सुनवाई में पंजीयक ने राजेश वानखेड़े की आपत्ति को खारिज कर दिया है। जिससे अब सहायक पंजीयक इंदौर की धारा 26 के तहत तत्कालीन सचिव राजेश बानखेड़े को समिति रिकॉर्ड 15 दिनों में कार्यालय में जमा करने अन्यथा जब्त किए जाने हेतु लिखे पत्र की कार्यवाही को भी बल मिला है। आदेश के बावजूद स्थानीय अधिकारी अघोषित रूप से हाइकोर्ट के आदेश को नजरअंदाज कर रहे हैं और दबाव में अवैध पक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं जो अनुचित है।

.jpeg)

0 Comments