देवास की घटना के बाद प्रशासन सक्रिय

 


कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच शुरु

इंदौर। देवास की पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद इंदौर का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसके चलते कलेक्टर ने जिले की सभी पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच के निर्देश दिए है। 

मिली जानकारी के अनुसार देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना तथा वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित पटाखा गोदामों एवं फैक्ट्रियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन के अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाए जाने पर तीन पटाखा फैक्ट्रियों को सील किया गया। इनमें लक्ष्मी फायर वर्क एंड इंडस्ट्री दातोदा, सतनाम फायर वर्क सिमरोल तथा फटाका मैन्युफैक्चरिंग घोसीखेड़ा शामिल हैं। 

बताया जाता है कि एसडीएम एवं एसडीओपी महू द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन फैक्ट्रियों में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण एवं सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली। मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए थे। इसके चलते संबंधित इकाइयों को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की गई।

Post a Comment

0 Comments