सरवटे बस स्टैंड पर स्वच्छता निरीक्षण, अधिक शुल्क वसूलने वाले शौचालय कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

 


तलाश समाचार इंदौर। 

स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत आज सुबह 6 बजे झोन क्रमांक 11 के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान सरवटे बस स्टैंड एवं आसपास के इलाकों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संचालित दुकानों के संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खासतौर पर चाय दुकानों पर डिस्पोजल सामग्री और कागज सड़क पर नहीं फेंकने की समझाइश दी गई तथा दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ने बस स्टैंड पर मौजूद राहगीरों और नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से चर्चा करते हुए सभी नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।



निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन एवं सरवटे बस स्टैंड के आसपास स्थित सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। जांच में कुछ कर्मचारियों द्वारा पर्यटकों और यात्रियों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत सामने आई। इस पर एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ने संबंधित कर्मचारियों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में वार्ड क्रमांक 54 की पार्षद पंखुड़ी डोशी सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत लगातार निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments