एक सप्ताह से गोदाम पर खड़े गेहूं से भरे वाहन
इंदौर। स्लॉट बुक होने के बाद भी बड़े और मध्यम किसान गोदाम भर जाने की समस्या से परेशान है। पिछले एक सप्ताह से गेहूं से भरे वाहन गोदामों पर लाइन में खड़े हैं। बहुत से किसानों के घरों पर गेहूं से भरे वाहन खड़े हैं।
किसानों ने बताया कि जिला खाद्य अधिकारी मारू फोन ही नहीं उठाते। किसान नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि पहले तो किसान तारीख पर तारीख में उलझा रहा एवं शादी सीजन में भी अपना गेहूं नहीं चल पाया और ऊपर से बैंक का डिफॉल्टर होकर अब एक नई मुसीबत में फंस कर रहा गया।
मंडलोई ने बताया कि मेरा 143 क्विंटल का खाता है पहले तो छोटे एवं बड़े के चक्कर में उलझाया, जैसे तैसे जब 14 मई को स्लॉट बुक हुआ। दो ट्रॉली तौलने के बाद गोदाम भरने का बहाना बनाकर प्रशासन गेहूं नहीं तुलवा रहा है एवं बाकी का गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली में 5 दिन से भरा पड़ा है, यही पीड़ा किसान धीरज चौहान की है जो चार ट्रॉलियों में गेहूं भरकर गेहूं की धुलाई करवाने के लिए तैयार हैं, उनका एक सप्ताह पहले से स्लॉट बुक है, उन्हें डर है कि कहीं गोदाम न मिलने के चक्कर में उनका गेहूं तुल न पाए।
मंडलोई ने प्रदेश सरकार से मांग की कि बाकी के बचे हुए छोटे या मध्यम किसानों का गेहूं जल्द तुल जाए एवं सभी किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली या किराए के वाहन लेकर खरीदी केंद्रों पर गेहूं तुलवाते हैं, उनको सरकार दूरी के हिसाब से किराया दे एवं जिन किसानों के गेहूं तुल गए हैं, उनका समय पर पैसा नहीं मिल रहा है और वह रोज बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं, इसलिए बैंकों में पर्याप्त राशि डाली जाए, ताकि किसानों का पेमेंट जल्दी हो सके, अन्यथा मजबूरी में किसान बड़ा आंदोलन करेंगे।



0 Comments