इंदौर में नाश्ता कॉर्नर दुकान पर गैस टंकी में लगी आग, एसीपी और एफआरवी टीम ने संभाला मोर्चा

 

Fire Breaks Out in Gas Cylinder at Breakfast Corner in Indore; ACP and FRV Team Take Charge of the Situation

 

तलाश समचार, इंदौर

मध्य प्रदेश के Indore शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक नाश्ता दुकान पर गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। घटना एमआर- 3 रोड स्थित सनसिटी के पास श्याम नाश्ता कॉर्नर पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरवी टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहीं एसीपी रुबीना मिजवानी भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और स्थिति को संभाला।

पुलिस जवानों और एसीपी ने मिलकर गैस टंकी में लगी आग पर काबू पाया। आग लगने से सरस्वती नगर निवासी भगवान सिंह (50) मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि दुकान एक खाली प्लॉट में संचालित हो रही थी, जिसके आसपास रिहायशी मकान बने हुए हैं। ऐसे में आग से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

आग बुझाने के बाद भी गैस टंकी से रिसाव जारी था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रुबीना मिजवानी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। गैस पूरी तरह खत्म होने के बाद ही पुलिस टीम वहां से रवाना हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक गैस टंकी में काफी देर से आग लगी हुई थी। समय रहते पुलिस टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। रहवासियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं, लोगों ने यह भी बताया कि दमकल विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी।

 

Post a Comment

0 Comments