अग्रवाल पब्लिक स्कूल नपेगा आज :संपत्ति कर खाते में संशोधन के लिए चार सदस्यीय समिति गठित

 


इंदौर। नगर निगम के राजस्व विभाग में संपत्ति कर खाते में कथित हेरफेर के मामले में अब अग्रवाल पब्लिक स्कूल की जमीन का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने सोमवार से स्कूल परिसर की नपती कराने के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति सीमांकन कर संपत्ति कर खाते में दर्ज क्षेत्रफल का वास्तविक क्षेत्रफल से मिलान करेगी और आवश्यक संशोधन करेगी।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले जोन-19 स्थित अग्रवाल पब्लिक स्कूल के संपत्ति कर खाते में गड़बड़ी का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच में अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन सहायक राजस्व अधिकारी अरविंद नायक को पहले निलंबित किया गया था। विस्तृत जांच के बाद निगमायुक्त ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।

नगर निगम के अनुसार, गठित समिति स्कूल की जमीन का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक क्षेत्रफल और संपत्ति कर खाते में दर्ज क्षेत्रफल का मिलान करेगी। पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर अपर आयुक्त को सौंपनी होगी।

समिति में शामिल सदस्य
अपर आयुक्त आकाश सिंह द्वारा गठित समिति में सहायक राजस्व अधिकारी मयूर पाटील, सलमान खान, प्रतीक सिंह गौड़ तथा दरोगा कुलवर्धन सिंह देवड़ा को शामिल किया गया है।

राजस्व को हुआ नुकसान
सूत्रों के अनुसार, अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास करीब 5 लाख वर्ग फीट भूमि है, जिस पर स्कूल भवन, खेल मैदान और अन्य निर्माण हैं। इसके अलावा लगभग 2 लाख वर्ग फीट भूमि खाली बताई जाती है। आरोप है कि खाली भूमि और निर्मित क्षेत्र के आंकड़ों में हेरफेर कर संपत्ति कर खाते में बदलाव किए गए, जिससे नगर निगम को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।

मिलीभगत के आरोप
सूत्रों के अनुसार, कुछ निगम अधिकारियों और संपत्ति धारकों की कथित मिलीभगत से संपत्ति कर खातों में फेरबदल कर क्षेत्रफल के आंकड़ों में बदलाव किए गए। इससे नगर निगम को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ, जबकि संबंधित लोगों को अनुचित लाभ मिलने के आरोप हैं। अब कई महीनों बाद नगर निगम संपत्ति कर खातों में सुधार कर वास्तविक टैक्स वसूली की कार्रवाई शुरू कर रहा है। इस प्रक्रिया से कथित अनियमितताओं और आंकड़ों में किए गए हेरफेर की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।


Post a Comment

0 Comments