रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई



गुजरात से आई मिल्क सॉलिड एवं वेजिटेबल फैट युक्त मिठाई की जांच, 350 किलो मिठाई जब्त

इंदौर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुजरात से आई मिल्क सॉलिड एवं वेजिटेबल फैट युक्त मिठाई की जांच एवं 350 किलो मिठाई जब्त की है। 

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को संयुक्त दल ने 165, ऋषि नगर, हवा बंगला रोड, स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। प्रोपराइटर निलेश राठौर मिले।


प्रतिष्ठान पर गुजरात से आई श्री गोविंद स्वीट्स की 10-10 किलो की कंपनी पैकिंग के पैकेट पाए गए। प्रतिष्ठान संचालक द्वारा इन पैकेटों को खोलकर मिठाई को पेड़े के आकार में तैयार कर ट्रांसपेरेंट डिब्बों में पैक कर बिना आवश्यक डिक्लेरेशन के विक्रय किया जाना पाया गया।

उक्त मिठाई में मिल्क सॉलिड के साथ वेजिटेबल फैट का उपयोग पाया गया। मिठाई के 4 नमूने लिए गए। 350 किलो मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपए है, को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक जब्त किया गया।


अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई

जैन नमकीन, विजयनगर से विभिन्न प्रकार के नमकीन के 6 नमूने जांच लिए गए। गोकुल प्रोडक्ट सप्लायर, दिव्यराक कॉलोनी से मिठाई के 3 नमूने लिए गए। भगत सिंह नगर (भगत सिंह मार्ग) स्थित मेसर्स-श्रीकृष्णा दूध, दही भण्डार का निरीक्षण कर ​विक्रेता अम्बालाल पिता नारूलाल जाट से मावा और मावा कतली के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments