इंदौर के जिला अस्पताल में मातृत्व ओटी में पहला एलएससीएस ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न


अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा प्रसूति शल्य चिकित्सा की दिशा में अच्छी पहल

इंदौर । इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित जिला अस्पताल में प्रारंभ किए गए मातृत्व ऑपरेशन थिएटर (मेटरनिटी ओटी) में आज प्रथम एलएससीएस (LSCS) ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह महत्वपूर्ण ऑपरेशन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी और सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत की देखरेख में सफलतापूर्वक किया गया। जिला अस्पताल के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस उपलब्धि से जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसूति संबंधी शल्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है।

मातृत्व ओटी में प्रथम केस के रूप में पोस्टडेटेड, तृतीय गर्भावस्था वाली गर्भवती महिला श्रीमती पुष्पा देवी उम्र 37 वर्ष, निवासी इंदौर का सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। जटिल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकीय एवं नर्सिंग टीम द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा पूरी टीम के बेहतर समन्वय से ऑपरेशन संपन्न हुआ। 



डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अस्पताल में प्रसूति के लिये भर्ती महिला के गर्भ की अवधि (40 सप्ताह 5 दिन) अधिक होने के कारण गर्भ में पल रहे शिशु के गले में नाल अटक गई थी और बच्चे की ह्दय की धड़कन भी कम हो रही थी। इसलिये सिजेरियन ऑपरेशन करना जरूरी हो गया था। शिशु की आवश्यक देखभाल एवं प्रबंधन के लिए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक एवं नवजात तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत तथा डॉ. रितेश पाटीदार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

ऑपरेशन में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पना भटनागर, डॉ. कामिनी सिमलोट एवं डॉ. मयंक सोनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. सुनीता भटनागर, डॉ. अनुराग अत्रोलिया एवं डॉ. सोमिल भादौरिया ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। 

ऑपरेशन के दौरान नर्सिंग टीम में ओटी इंचार्ज नर्सिंग ऑफिसर प्रियंका शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर रेखा कश्यप, शीला ललावत, ज्योति माली एवं अंबिका टेकपुरे सहित समस्त संबंधित स्टाफ ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। जिला अस्पताल के मातृत्व ओटी में प्रथम एलएससीएस ऑपरेशन का सफलतापूर्वक संपन्न होना सिविल सर्जन डॉ. शेखावत के मार्गदर्शन, नर्सिंग टीम की तत्परता तथा समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयास एवं बेहतर समन्वय का परिणाम है। अस्पताल प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी संबंधित चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं सहयोगी स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments