बिजली कंपनी की अवैध वसूली, मनमानी

 


सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, एक हफ्ते का अल्टीमेटम

एमपीईबी के ​सिरपुर जोन पर दिया ज्ञापन


​इंदौर। बांक पंचायत क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों में बिजली की गंभीर समस्याओं, आउटसोर्स कर्मचारियों की अवैध वसूली और अधिकारियों की अनदेखी को लेकर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सिरपुर जोन विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस नेता सरफराज अंसारी, शादाब पटेल और शहजाद बाबा ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए बिजली अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन में उठाई गई मांगों का एक सप्ताह में निराकरण नहीं किया गया और अवैध वसूली में लिप्त कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पार्षद रफीक खान, सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव, यूथ कांग्रेस नेता दानिश खान सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे।


​ज्ञापन में चेकिंग और निरीक्षण के नाम पर जनता को प्रताड़ित करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के नाम उजागर करते हुए उन पर कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि आउटसोर्स कंपनी के कर्मचारी विशाल, अनिकेत, शिव राजपूत, राजेंद्र मालवीय और जितेंद्र राठौर अपने अन्य साथियों के साथ ग्रीन पार्क, राजकुमार नगर और चंदन नगर क्षेत्र में जाकर चेकिंग के बहाने मोबाइल से वीडियो बनाते हैं और रहवासियों को झूठे चालान का डर दिखाकर अनुचित वसूली करते हैं। यही नहीं, जांच में जिन मीटरों में कोई गड़बड़ी या चोरी नहीं पाई जाती, उन पर भी बेवजह भारी-भरकम चालान बनाकर निर्दोष उपभोक्ताओं को मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र के निवासी मुबारिक पिता मुंशी, निवासी 10 के सेक्टर के साथ हुई धोखाधड़ी के पुराने प्रकरण में भी विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।

सहायक यंत्री की कार्यशैली पर गंभीर सवाल

​प्रदर्शनकारियों ने सिरपुर जोन के सहायक यंत्री राजेश गुप्ता की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। ज्ञापन में बताया कि एई राजेश गुप्ता द्वारा क्षेत्रीय रहवासियों, जनप्रतिनिधियों और यहां तक कि अधीनस्थ कर्मचारियों के फोन भी नहीं उठाए जाते हैं, वहीं दफ्तर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को बिना सुने भगा दिया जाता है। इसके अलावा नूरानी नगर सहित आसपास की बस्तियों में स्पार्किंग का कारण बन रही जर्जर केबलों को बदलने, वर्षों पुराने व ओवरलोड डीपी की क्षमता बढ़ाने और झुके हुए सीमेंट के पोल हटाकर नए इंसुलेटेड तार लगाने की मांग उठाई गई। ज्ञापन सौंपने वालों ने नए कनेक्शन की प्रक्रिया सरल करने और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जनता का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद रफीक खान, सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव, यूथ कांग्रेस नेता दानिश खान सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments