खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी में खाद्य पदार्थों का निर्माण बंद कराया

 


इंदौर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देशन तथा कलेक्टर जिला के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी, रोमियो लेन का निरीक्षण किया गया। मौके पर होटल के जनरल मैनेजर अमोघ शरण मिले। किचन परिसर में कई खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। किचन के फ्रीजर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए तथा खाद्य पदार्थों की टैगिंग उचित रूप से नहीं की गई थी। खसखस एवं मशरूम पुराने एवं कीटग्रस्त पाए गए, जिन्हें नष्ट कराया गया। परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट एवं खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं पाए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO एवं FEFO व्यवस्था का पालन नहीं पाया गया।


मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया एवं ग्लास वर्मीसेली के 5 नमूने लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाल भेजा जा रहा है। परिसर का खाद्य लाइसेंस अवधि समाप्त पाया गया, जिसके कारण किचन परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण संबंधी कार्य को तत्काल अवरुद्ध कराया गया। इसी क्रम में खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। मौके पर मोमोज का निर्माण कर दुकान से विक्रय करने के साथ-साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किया जाना पाया गया। विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण की वैध अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। निर्माण कक्ष के बाहर एवं बैक लाइन क्षेत्र में अधिक गंदगी पाई गई। आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।


पनीर मोमोज एवं चीज मोमोज के नमूने लिए

मौके से पनीर मोमोज एवं चीज मोमोज के नमूने लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रसंस्करण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र एवं खाद्य कारोबारकर्ता का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया।

खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक मोमोज के निर्माण एवं प्रसंस्करण का कार्य स्थगित कराया गया है। खाद्य नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments