मिठाई, नमकीन और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांची, भोपाल प्रयोगशाला भेजे नमूने
इंदौर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। 30 और 31 अक्टूबर को इंदौर एवं बेटमा क्षेत्र में चलाए गए दो दिवसीय अभियान में 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 54 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। अभियान के दौरान मिठाई, नमकीन और दुग्ध उत्पाद बनाने एवं बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने मावा, पनीर, दूध, घी, मिल्क केक, पेड़ा, बर्फी, लड्डू, सेव, मिक्सचर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण की व्यवस्था, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, उपकरणों की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
अभियान में पूजा डेरी स्वीट्स एंड नमकीन, पदम श्री स्वीट्स एवं नमकीन, श्री राम स्वीट्स एवं नमकीन, नवकार के नमकीन, राजू खंडेलवाल नमकीन भंडार, गौरव रेस्टोरेंट, सिद्धिविनायक डेरी स्वीट्स एवं नमकीन, आरंभ स्वीट्स एंड नमकीन, गुप्ता स्वीट्स, मां अंबे दूध दही भंडार, ममता स्वीट्स, मिलन स्वीट्स एंड नमकीन, श्री गंगा दूध डेयरी एंड स्वीट्स, फखरी स्वीट्स एंड फरसान और पालीवाल स्वीट्स एवं नमकीन का निरीक्षण किया गया।
सेव और काजू कतली के नमूने लिए
पालीवाल स्वीट्स एवं नमकीन, मुसाखेड़ी से सेव और काजू कतली के नमूने लिए गए तथा मौके पर प्राथमिक जांच भी की गई। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित कच्चे माल का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को संदूषण से बचाने और निर्माण व भंडारण के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।






0 Comments