नापतोल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई में असत्यापित तौल उपकरण और बाट जब्त
इंदौर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 26 नमूने जांच के लिए लिए गए। अभियान में नापतोल विभाग की टीम के साथ दो प्रतिष्ठानों पर संयुक्त कार्रवाई भी की गई। मूसाखेड़ी स्थित श्री बसंत इंटरप्राइजेज में रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। नापतोल विभाग ने तेल के पैकेटों की जांच में वजन और आवश्यक घोषणाएं सही पाईं, लेकिन प्रतिष्ठान में उपयोग हो रहे असत्यापित इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया।
इसी क्षेत्र के फार्मर्स मिल्क कार्ट से मावा, मिल्क केक, रसगुल्ला और केसर पेड़ा के चार नमूने लिए गए। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। नापतोल विभाग ने असत्यापित बांट भी जब्त किया।
मुस्कान डेयरी, स्नेहल डेयरी, राममोहन दूध दही भंडार, श्रीवारी फूड वेंचर्स, एसएस ट्रेडिंग फर्म, पूजा नमकीन भंडार, नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स, श्री कृष्णा दूध दही भंडार और सांवरिया दूध डेयरी सहित अन्य प्रतिष्ठानों से दूध, पनीर, घी, मावा, मिठाई, तेल और दाल के नमूने लिए गए। श्रीवारी फूड वेंचर्स में कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमी तथा खाद्य कारोबारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिलने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स में मावा और पनीर का मौके पर प्रारंभिक परीक्षण भी किया गया।
स्ट्रीट वेंडर्स को किया जागरूक
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने MFTL के साथ उच्च न्यायालय एवं एलआईसी कार्यालय परिसर के आसपास स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार संग्रहित सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




0 Comments