बिल क्लीयर करवाने के एवज में ठेकेदार से मांगे थे साढे तीन लाख रुपए
स्वदेश गौर (9302375134)
तलाश समाचार इंदौर।
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर लोकायुक्त ने लोक निर्माण विभाग संभाग-1 के कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं उपयंत्री रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आवेदक की फर्म द्वारा किए गए कार्य के अंतिम बिल के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।
आवेदक राजपाल सिंह पंवार धार निवासी पटेल इंटरप्राईजेस का संचालक है एवं शासकीय ठेकेदार है। आवेदक की फर्म द्वारा 2023 में पेटी कॉन्ट्रेक्ट पर मैथवाडा-फोरलेन पहुंच मार्ग का कार्य 4,73,35,000 में लिया था। आवेदक की फर्म द्वारा उक्त कार्य 4,51,72,101 में पूर्ण किया था। आवेदक की फर्म द्वारा किए गए कार्य के अंतिम बिल का भुगतान करने के एवज में आरोपी पीडब्ल्यूडी संभाग कमांक-1 इंदौर के कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम द्वारा 1 लाख 50 हजार रुपए, पीडब्ल्यूडी संभाग क्रमांक-1 इंदौर के अनुविभागीय अधिकारी टी.के. जैन द्वारा 1 लाख रुपए एवं पीडब्ल्यूडी संभाग कमांक-1 इंदौर के उपयंत्री अशु दुबे द्वारा 1 लाख रुपए इस प्रकार कुल 3 लाख 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। आवेदक पंवार ने जिसकी शिकायत राजेश सहाय, पुलिस अधीक्षक, विपुस्था, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर को की थी।
सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर मंगलवार को ट्रैपदल का गठन किया गया। आरोपी गौतम को उनके शासकीय निवास पर आवेदक से 1 लाख 50 हजार रुपए एवं आरोपी जैन को कार्यालय अनुविभगीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग के पोर्च के नीचे से आवेदक के प्रतिनिधि से 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। आरोपी दुबे द्वारा मांग की गई रिश्वत राशि कम होने से आवेदक के प्रतिनिधि से प्राप्त नहीं की गई। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61(2) बीएनएस 2023 के अंतर्गत कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में इनका रहा सहयोग
ट्रैपदल में कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास, कार्यवाहक निरीक्षक प्रतिभा तोमर, कार्यवाहक प्रआर विवेक मिश्रा, आशीष शुक्ला, आदित्य सिंह भदौरिया, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक चन्द्रमोहन बिष्ट, आरक्षक आशीष नायडू, आशीष आर्य, अनिल परमार, आरक्षक कृष्णा अहिरवार शामिल थे।



0 Comments