झिरन्या बीडीओ दो हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

 


इंदौर। लोकायुक्त ने झिरन्या विकासखंड के खंड विकास अधिकारी को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर की गई। आवेदक सुभाष बर्डे निवासी आनक वाडी, जिला खरगोन ने पुलिस अधीक्षक विपुस्था लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय को आवेदन प्रस्तुत किया कि उसकी पत्नी सेवंती बर्डे, शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेड़िया फलिया ग़लतार तहसील भगवानपुरा खरगोन में अतिथि शिक्षक है। इनकी नवंबर 25 की वेतन अनुमोदन नहीं होने का कारण बताकर रोक दी गई थी। वेतन निकलवाने के लिए तत्कालीन संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा प्रभात परमार्थी से आवेदक मिला तो आरोपी ने आवेदक से दो हजार रुपए रिश्वत की मांग की। आरोपी वहां से दिसंबर 25 में बीईओ झिरन्या के पद पर पदस्थ हो चुका है। 



आवेदक इनको रिश्वत नहीं देना चाहता था और रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़वाना चाहता था। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर आज ट्रैप दल का गठन किया गया। जैसे ही आरोपी ने अपने ज्योति नगर खरगोन स्थित निवास पर 2000 रुपए रिश्वत  ली, उसे रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7  के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई जारी है। ट्रेपदल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार, आशीष आर्य आदि शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments