तलाश समाचार, इंदौर
जिला कोर्ट परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक एक विशालकाय पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से वकीलों के लिए बनाए गए टीन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि आज बुद्ध पूर्णिमा के चलते सरकारी अवकाश था, जिससे कोर्ट बंद था और परिसर में लोगों की मौजूदगी नहीं थी। यदि उस समय सामान्य दिनों की तरह भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारों के अनुसार, जिला कोर्ट परिसर में कई पेड़ 100 साल से अधिक पुराने हैं। इन पेड़ों की जड़ें अब कमजोर हो चुकी हैं और कई जगह सड़ने लगी हैं, जिससे इनके गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों और वकीलों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे जर्जर और खतरनाक पेड़ों का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना से बचा जा सके।




0 Comments