बरगी डैम त्रासदी: लाइफ जैकेट होते हुए भी बिना सुरक्षा सफर, वायरल वीडियो ने खोली पोल

 


जबलपुर स्थित बरगी डैम त्रासदी के बाद अब एक-एक कर लापरवाही को उजागर करने वाले फोटो और वीडियो सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब क्रूज नाव का संतुलन बिगड़ने लगा, तब क्रूज संचालन से जुड़े लोग यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने के लिए दे रहे हैं। कई लाइफ जैकेट बंडलों में बंद थीं, जिन्हें अंतिम समय में खोलकर बांटा जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि क्रूज में बैठे अधिकांश यात्री बिना लाइफ जैकेट के ही यात्रा करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में एक और दृश्य भी सामने आया है, जिसमें एक मां अपने मासूम बेटे को गोद में लिए बैठी है और दोनों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी है। यह दृश्य हादसे की भयावहता और लापरवाही की गंभीरता को और भी उजागर करता है।



सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब लाइफ जैकेट पर्याप्त संख्या में मौजूद थीं, तो यात्रियों को पहले ही उन्हें पहनने के लिए क्यों नहीं दिया गया? क्या ये जैकेट सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए रखी गई थीं, या फिर जांच के समय दिखाने के लिए बंडलों में पैक छोड़ दी गई थीं?

क्रूज नाव के डूबने से पहले यात्री संगीत सुनते हुए दिख रहे हैं। क्रूज की सवारी का आनंद ले रहे हैं। इस जौरान लाइफ जैकेट अधिकांश यात्री नहीं पहने हुए दिख रहे हैं। लेकिन किसी को क्या पता था कि ये मस्ती मौत से पहले की हो जाएगी। इतने भयावह हादसे की कल्पना भी नहीं की गई होगी।


गौरतलब है कि शुक्रवार को राहत-बचाव कार्य के दौरान भी डैम में लाइफ जैकेट के बंडल पानी में तैरते हुए मिले थे। ऐसे में यह स्पष्ट होता जा रहा है कि सुरक्षा के नाम पर बड़ी लापरवाही बरती गई, जिसने इस हादसे को और भी भयावह बना दिया। यह वीडियो न केवल हादसे की सच्चाई बयां करता है, बल्कि जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की असल तस्वीर सामने लाएगी।

बरगी डैम हादसे में कुल नौ यात्रियों की मौत हुई है। 28 को सुरक्षित बचाया गया है। वहीं, चार यात्री अभी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। आज सुबह पांच बजे से ही राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, सरकार ने सख्त जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई जारी है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

Post a Comment

0 Comments