नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ एवं हास्य नाटक की प्रस्तुति ने मोहा मन

 


एलसीसी में हर्षोल्‍लास के साथ मना 59वां स्थापना दिवस

रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल स्थित लोकोमोटिव केयर सेंटर में 59वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए विविध खेलकूद, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं महिला कर्मचारियों के लिए चेयर रेस एवं अन्‍य प्रतियोगिताएं रखी गईं। बच्चों के मनोरंजन हेतु टॉय ट्रेन, मिकी माउस एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। विभिन्न सेक्शनों द्वारा ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक प्रदर्शनियां लगाई गईं। कार्यक्रम में सेल्फी पॉइंट आकर्षण का केंद्र रहे। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ एवं हास्य नाटक की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर रजनीश कुमार गोयल थे। विशेष अतिथि मंडल रेल प्रबंधक रतलाम अश्वनी कुमार तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित अनेक अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि एवं कर्मचारी परिवार सहित उपस्थित रहे। 


एलसीसी की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला

लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी स्थापना 01 मई 1967 को डीजल लोको शेड के रूप में हुई थी, जिसे वर्ष 2021 में लोकोमोटिव केयर सेंटर नाम दिया गया। वर्तमान में एलसीसी रतलाम में 149 विद्युत एवं 46 डीजल लोकोमोटिव का अनुरक्षण किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एसी लोकोमोटिव के मेजर शेड्यूल में वृद्धि करते हुए 61 लोको का मेंटेनेंस किया गया, जो पिछले वर्ष 40 के मुकाबले उल्लेखनीय प्रगति है। शेड आउटेज प्रदर्शन लक्ष्य से 6.11 प्रतिशत बेहतर रहा तथा मुख्य लाइन लोकोमोटिव विफलताओं में 11.47 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया

लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम को 30 दिसंबर 2025 को सीआईआई द्वारा प्रतिष्ठित “सिल्वर रेटिंग” से सम्मानित किया गया, जो ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, ग्रीनहाउस गैस में कमी एवं अपशिष्ट प्रबंधन के उत्कृष्ट प्रयासों की मान्यता है। विशेष अतिथि अश्वनी कुमार ने प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में रेलकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि गोयल ने आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कर्मचारियों के लिए तनावमुक्त एवं सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।संचालन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज छावड़ा ने किया।

Post a Comment

0 Comments