33.42 करोड़ लागत, जी प्लस 3 होगा सांदीपनि विद्यालय का भवन
स्वदेश गौर (9302375134) इंदौर।
राज्य सरकार द्वारा स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मप्र पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा जिले में करोड़ों की लागत से सात सांदीपनि विद्यालय भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से कई विद्यालयों के भवन बनकर तैयार होकर कक्षाएं भी संचालित की जाने लगी हैं और कई भवन अभी अधूरे पड़े हैं।
मप्र पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा सांदीपनि शासकीय महाराजा शिवाजीराव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण कार्य 33.42 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, यह भवन जी प्लस 3 होगा, जिसमें बच्चों के लिए सर्वसुविधा युक्त बायो, फिजिक्स, केमिस्ट्री और कंप्यूटर लैब होंगे। एलकेजी से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित हो सकेंगी। स्कूल परिसर में बैडमिंटन एवं बास्केटबॉल कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है, जिससे बच्चों को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेगा।
नर्मदा पाइपलाइन के कारण आ रही परेशानी
सांदीपनि शासकीय महाराजा शिवाजीराव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण कार्य 2023 में शुरू हुआ था, जिसे अक्टूबर 2024 में पूरा किया जाना था, लेकिन स्कूल भवन के बीच से निकली नर्मदा पाइपलाइन के कारण परेशानी आ रही है। अभी कार्य अधूरा पड़ा है। नर्मदा पाइपलाइन शिफ्टिंग को लेकर कलेक्टर और निगम कमिश्नर को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक नर्मदा की पाइपलाइन शिफ्ट नहीं हो पाई है। सूत्रों की मानें तो इस सत्र में कक्षाएं संचालित होने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
इनका कहना है
हमारा प्रयास है कि सांदीपनी शासकीय महाराजा शिवाजीराव स्कूल भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा होकर कक्षाएं संचालित हो सकें।
-एनके उपाध्याय, परियोजना यंत्री, मप्र पुलिस हाउसिंग बोर्ड इंदौर




0 Comments