समाजवादी इंदिरा नगर में 30वें तीन दिवसीय श्री साईं महोत्सव का भव्य आयोजन 27 से 29 जून तक


इंदौर। समाजवादी इंदिरा नगर स्थित श्री साईं बाबा मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला श्री साईं महोत्सव इस वर्ष अपने 30वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर 27 जून से 29 जून 2026 तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान भजन संध्या, विशाल साईं पालकी यात्रा, बाबा का भंडारा, छप्पन भोग एवं पुष्प बंगला जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर साईं भक्तों एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

महोत्सव के संयोजक हरि अग्रवाल, सह संयोजक अशोक गोयल, अध्यक्ष किशोर दोरकर, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु पाल तथा महासचिव राजेश भाई पटेल ने बताया कि साईं बाबा की कृपा से पिछले तीन दशकों से यह महोत्सव निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 27 जून 2026, शनिवार को रात्रि 8 बजे भजन संध्या से होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक साईं बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।

महोत्सव के दूसरे दिन 28 जून 2026, रविवार को शाम 6 बजे पश्चिम क्षेत्र की गौरवमयी श्री साईं पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यह पालकी यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन, नाकोड़ा चौक, रणजीत हनुमान मंदिर, द्रविड़ नगर तथा बालाजी रेसिडेंसी मार्ग से होती हुई पुनः समाजवादी इंदिरा नगर स्थित साईं मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच लगाए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा एवं आरती की जाएगी।


महोत्सव का समापन 29 जून 2026, सोमवार को शाम 7 बजे बाबा के भव्य भंडारे, छप्पन भोग एवं पुष्प बंगला के साथ होगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

आयोजन को सफल बनाने के लिए साईं सेवा समिति, ॐ साईं राम ग्रुप, महिला समिति तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के कार्यकर्ता कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति द्वारा मंदिर परिसर की विशेष सजावट, आकर्षक विद्युत साज-सज्जा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

महोत्सव को शिर्डी से जुड़े अनेक वरिष्ठ साईं भक्तों एवं संतों का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। इनमें स्व. प्रभाकरराव दोरकर की प्रेरणा के साथ अनिल जोशी, चंद्रकांत नाना गुरव, अशोक भाऊ नागरे, मनोहर पाठक, हाजी अब्दुल गनीभाई सहित अनेक संत-महात्माओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके अलावा अवधूत संत दादा गुरु, अण्णा महाराज, दादू महाराज, पं. परशुराम डोंगरे, नितिन मतकर गुरुजी, पं. योगेश्वरदास महाराज, केदार शर्मा गुरुजी एवं अमित जोशी का भी स्नेह और आशीर्वाद आयोजन को प्राप्त है।

महोत्सव में प्रदेश के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। विशेष अतिथियों में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़, रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, जीतू पटवारी, जीतू जिराती, संजय शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल होंगे।

साईं सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा एवं श्रद्धा का भी प्रतीक है। पिछले 30 वर्षों से साईं बाबा के संदेश “सबका मालिक एक” को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य इस महोत्सव के माध्यम से किया जा रहा है। समिति द्वारा समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं मानव सेवा के अनेक कार्य भी संचालित किए जाते हैं

आयोजन समिति ने इंदौर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तीनों दिवस आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर साईं बाबा के दर्शन करें, पालकी यात्रा में सहभागी बनें तथा महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। समिति का विश्वास है कि 30वें वर्ष का यह श्री साईं महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा का एक ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा।

Post a Comment

0 Comments