एक महीने से ओवरफ्लो चेंबर, संक्रामक बीमारियों का खतरा
इंदौर। शहर की सिंगापुर टाउनशिप स्थित ज्ञानशिला सुपर सिटी में ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। पिछले करीब एक महीने से ड्रेनेज चेंबर लगातार ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे कॉलोनी के रहवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे भी रोजाना गुजरते हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी और तेज बदबू के कारण बच्चों और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। रहवासियों का कहना है कि लगातार फैली गंदगी और जलभराव से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय रहवासी विजय ओझा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। चेंबर से लगातार गंदा पानी बह रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि ड्रेनेज लाइन की तत्काल मरम्मत कर ओवरफ्लो की समस्या खत्म की जाए, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके और किसी भी संभावित बीमारी के फैलने से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन की लापरवाही पर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।




0 Comments