नाहल्दा पंचायत सचिव 25 हजार रुपए रिश्वत लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा


स्कूल का 2 वर्ष का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के एवज में मांगी जा रही थी 50 हजार रिश्वत 

इंदौर/खंडवा (स्वदेश गौर 9302375134)। 

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त के नेतृत्व में लोकायुक्त इंदौर संभाग ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत नाहल्दा, तहसील व जिला खंडवा के सचिव को मेडिकल चौराहे के पास चाय की दुकान के सामने से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। 

शिकायतकर्ता ने 5 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत की थी कि आवेदक लक्ष्मणसिंह चौहान खंडवा जिले में संचालित प्राइवेट स्कूल का संस्थापक है। जिसका संचालन आवेदक के पुत्र द्वारा किया जाता है। आवेदक का स्कूल नाहल्दा ग्राम पंचायत तहसील व जिला खंडवा के अन्तर्गत आता है। अनावेदक सचिव द्वारा आवेदक के स्कूल का दो वर्ष का प्रॉपर्टी टैक्स जो कि लगभग 2,20,000 रुपए अनावेदक द्वारा बताया गया था, को कम करने के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। आवेदक की उक्त शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया। शिकायत सही पाए जाने पर 9 अक्टूबर 2026 को आरोपी कृष्ण देव पटेल, सचिव ग्राम पंचायत नाहल्दा, तहसील व जिला खंडवा के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रैप किया गया। ट्रैप के दौरान आरोपी पटेल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते  हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया। ट्रैप दल में निरीक्षक प्रतिभा तोमर, आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव, श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments