बाबा की भक्ति में पैदल शिर्डी की ओर निकले दो साईभक्त, नर्मदा जल से करेंगे अभिषेक

 


इंदौर। सच्चिदानंद सद्गुरु श्री साईनाथ महाराज की 108वीं पुण्यतिथि (विजयादशमी) के पावन अवसर पर ॐ साई राम ग्रुप, श्री साईबाबा मंदिर, समाजवादी इंदिरा नगर, इंदौर के दो साईभक्त श्री किशोर प्रभाकर राव दोरकर एवं श्री गोपाल नवलानी इंदौर से शिर्डी तक की पैदल कावड़ यात्रा पर रवाना हुए।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, वरिष्ठ समाजसेवी श्री हरि अग्रवाल, श्री रवि वर्मा एवं महापौर प्रतिनिधि श्री भारत पारख सहित अन्य साईभक्तों ने दोनों यात्रियों का शाल-श्रीफल से स्वागत एवं सम्मान किया और उनकी मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

दोनों साईभक्त इंदौर से पैदल यात्रा करते हुए महेश्वर पहुंचेंगे। यहां मां नर्मदा के पावन जल से कावड़ भरकर वे आगे शिर्डी के लिए रवाना होंगे। साईनाथ महाराज की पुण्यतिथि, विजयादशमी के दिन शिर्डी पहुंचकर मां नर्मदा के पावन जल से साईबाबा का जलाभिषेक कर अपनी पदयात्रा का समापन करेंगे।

इंदौर से महेश्वर होते हुए शिर्डी तक की यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा प्रतीक है। यात्रा के दौरान दोनों साईभक्त बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए शिर्डी स्थित साईनाथ महाराज के दरबार में पहुंचेंगे।

इस अवसर पर शिर्डी के नाना गुरव सहित अनेक गुरुजनों एवं साईभक्तों ने भी दोनों यात्रियों को उनकी मंगलमय पदयात्रा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने साईनाथ महाराज से यात्रा की सफलता, सुख-शांति एवं सभी भक्तों के मंगल की प्रार्थना की।

Post a Comment

0 Comments