तीन प्रतिष्ठानों से घी, नमकीन के 4 नमूने लिए
इंदौर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल की गई कार्रवाई के आधार पर आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित किया गया तथा आज विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए। गंदगी में केक निर्माण पाए जाने पर आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निरस्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा आयुष बेकरी, छोटा बांगड़दा के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण परिसर में अधिक गंदगी पाई गई। प्रतिष्ठान के बाहर कचरा डंप किया हुआ था, उसी स्थान के समीप केक का बेस तैयार किया जा रहा था। केक तैयार करने की प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां एवं मक्खियां पाई गईं। फ्रीजर एवं फ्रिज की सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई तथा एक्सपायर्ड चेरी का उपयोग किया जाना पाया गया। मौके पर खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि प्रतिष्ठान में तैयार किए जाने वाले केक का आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समेन के माध्यम से विक्रय किया जाता है। स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं एवं लोक स्वास्थ्य के हित को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निलंबित किए जाने हेतु प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को प्रेषित किया गया था। उक्त प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए पंजीयन प्राधिकारी द्वारा 8 अक्टूबर को आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया है।
बालाजी एंटरप्राइजेज से पतंजलि गाय के घी का नमूना लिया
मुख्यालय भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार आज बालाजी एंटरप्राइजेज, साहिल एलाइट, स्कीम नंबर 140 के निरीक्षण के दौरान पतंजलि गाय के घी का नमूना लिया गया। नमूने को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शारदा देवी इंटरप्राइजेज से पतंजलि गाय के घी का नमूना लिया
शारदा देवी इंटरप्राइजेज, भंवरकुआ मेन रोड, इंदौर का निरीक्षण कर वहां से पतंजलि गाय के घी का खाद्य नमूना लिया गया। नमूने को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर रंजीत के नमकीन का निरीक्षण
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा रंजीत के नमकीन, मोती तबेला मेन रोड, इंदौर का निरीक्षण किया गया। प्रभारी संतोष पिता रामनारायण जायसवाल की उपस्थिति में रतलामी सेव एवं खट्टा-मीठा मिक्सचर के कुल 02 खाद्य नमूने लिए गए। दोनों नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। उक्त अनियमितता के संबंध में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।
4 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे
आज की कार्रवाई में विभिन्न प्रतिष्ठानों से 4 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 2 नमूने पतंजलि गाय के घी के तथा 2 नमूने नमकीन के हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।






0 Comments